आनंद उत्सव की धूम: पारंपरिक खेलों में ग्रामीणों और बच्चों ने दिखाया उत्साह
सादलपुर। शासन के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत सादलपुर द्वारा शासकीय हाईस्कूल परिसर में 'आनंद उत्सव' का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ग्रामीण संस्कृति और पारंपरिक खेलों का अनूठा संगम देखने को मिला, जहाँ बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि उप सरपंच माया लाखन सिंह चौहान, भोमसिंह पटेल, मेजर रामेश्वर राठौर, रामभरोसे वर्मा, कैलाश पटेल और रमेशचंद्र बारोट द्वारा किया गया। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर उत्सव की शुरुआत की और उपस्थित जनसमूह को जीवन में खेल और उत्साह का महत्व समझाया।
पंचायत सचिव तरुण जाट ने बताया कि उत्सव के दौरान कई ऐसी खेल गतिविधियां आयोजित की गईं जो ग्रामीण परिवेश की पहचान हैं। विशेष रूप से रस्सा-कशी और चेयर रेस जैसे खेलों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। रस्सा-कशी के दौरान ग्रामीणों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला, वहीं स्कूली बच्चों ने भी विभिन्न खेल गतिविधियों का जमकर आनंद उठाया।
खुशहाल वातावरण में संपन्न हुआ आयोजन
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य अनीता चिंचोलीकर एवं समस्त स्कूल स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को दैनिक तनाव से दूर कर आपसी भाईचारे और खुशी का माहौल प्रदान करना था। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे, जिन्होंने इस पहल की सराहना की।





Comments
Post a Comment