ग्रामीण माहेश्वरी समाज के उमा महेश पंचांग का विमोचन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह संपन्न
महु नगर में महेश्वरी स्कूल में विगत दिनों इंदौर ग्रामीण जिला माहेश्वरी सभा एवं इंदौर ग्रामीण जिला माहेश्वरी युवा संगठन के संयुक्त तत्वावधान में पांचवीं बार श्री उमा महेश पंचांग कैलेंडर का विमोचन समारोह महू, बेटमा, हासलपुर, मानपुर, गौतमपुरा, राउ, मांगलिया, कंपेल से पधारे जिला कार्यकारी मंडल सदस्यों एवं गणमान्य जनों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
स्वागत भाषण ग्रामीण अध्यक्ष श्री गिरधर शारदा द्वारा दिया गया और अपने सत्र की जानकारी दी गई। कैलेंडर में दैनिक उपयोग की आवश्यक जानकारी के अतिरिक्त पंचांग, विभिन्न पदाधिकारी के संपर्क एवं जन्मदिन, दोनों संगठनों के सत्र के कार्यों की चित्रमय झांकी का समावेश किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाले युवाओं का भी सम्मान हुआ। जिसमें मुख्यतः मध्य प्रदेश न्यायिक परीक्षा में प्रथम रैंक लाकर सिविल जज बनी कुमारी भामिनी युगल किशोर राठी, एवं निस्वार्थ भाव से समाज सेवा कर रहे जगदीश बाहेती का सम्मान किया गया।
अतिथि परिचय ग्रामीण सचिव सचिन माहेश्वरी द्वारा दिया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉक्टर श्रीमती साधना सोडानी पूर्व जिला गवर्नर लाइंस क्लब, सहित अन्य अतिथि सर्वश्री राम तोतला प्रदेश संगठन मंत्री, चंद्र प्रकाश लड्ढा प्रदेश कार्य समिति सदस्य, माहेश्वरी समाज महू के पंच गण सर्व श्री अनंत बियानी, विजय सोडानी और अमित बियानी उपस्थित थे। मुख्य अतिथि डॉ. साधना सोडानी ने अनुशासनात्मक जीवन और बच्चों को संस्कार की आवश्यकता पर बल दिया।
संस्थाद्वय द्वारा ' सदा निरामय योजना' का भी उद्घाटन किया गया जिससे इंदौर ग्रामीण क्षेत्र में निवासरत सभी माहेश्वरी परिवारों को इंदौर के "संपूर्ण सोडाणी डायग्नोस्टिक" पर की जाने वाली समस्त जांचों पर विशेष छूट का लाभ मिलेगा। इसकी जानकारी गिरीश मूंदड़ा द्वारा दी गई।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. गुंजन बाहेती द्वारा किया गया। एवं आभार प्रदर्शन आशीष चिचानी द्वारा किया गया। अंत में स्मृति चिन्ह वितरण और सहभोज के साथ कार्यक्रम समाप्त हुआ।





Comments
Post a Comment