बरवाड़ा स्टेशन पर जयपुर इंदौर ट्रेन के ठहराव की मांग को लेकर इन्दौर सांसद को सौंपा ज्ञापन
चौथ का बरवाड़ा।
चौथ माता के प्रति जिला क्षेत्र में ही नहीं अपितु राजस्थान प्रदेश के अन्य राज्यों के लोगों में भी गहरी आस्था है। प्रतिदिन चौथ माता के हजारों श्रद्धालु घर परिवार और क्षेत्र में खुशहाली की कामना को लेकर पैदल, कनक दंडवत या निजी वाहनों सहित रेल बस से यात्रा करते हुए आते हैं और मंदिर में पहुंचकर ढोक लगाते हैं।
इसी के चलते मध्य प्रदेश के सबसे सुंदर शहर इंदौर के अखिल भारत वर्षीय नाथ समाज के प्रदेश महासचिव लेखराज योगी के परिवार की चौथ माता से गहरी आस्था जुडी हुई हैं। वे जत्थों के रूप में वर्ष में कई बार इंदौर से चौथ का बरवाड़ा मां के दर्शन के लिए आते हैं। उनका कहना है कि इंदौर से सीधे चौथ का बरवाड़ा आने का सीधा साधन रेल है और वें साप्ताहिक जयपुर इंदौर ट्रेन से सफर कर जिला मुख्यालय सवाई माधोपुर पहुंचते हैं क्योंकि जयपुर इंदौर ट्रेन का चौथ का बरवाड़ा में ठहराव नहीं है।
उन्होंने चौथ का बरवाड़ा रेलवे स्टेशन पर जयपुर इंदौर ट्रेन का ठहराव नहीं होने के चलते होने वाली परेशानी को लेकर ट्रेन के ठहराव की मांग की है जिसको लेकर उन्होंने इंदौर सांसद शंकर लालवानी को ज्ञापन सौंपा। वहीं इंदौर सांसद ने भी चौथ माता के परम भक्त परिवार की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए चौथ का बरवाड़ा रेलवे स्टेशन पर जयपुर इंदौर ट्रेन के 2 मिनट के ठहराव को लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र प्रेषित किया है।



Comments
Post a Comment