होली रोज़री स्कूल में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ इन्वेस्टिचर सेरेमनी समारोह
बेटमा। होली रोज़री स्कूल, बेटमा में आज छात्र परिषद के गठन के उपलक्ष्य में इन्वेस्टिचर सेरेमनी का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं प्रार्थना के साथ हुआ। कार्यक्रम में नव-निर्वाचित छात्र परिषद के पदाधिकारियों को बैज पहनाकर उनके पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर विद्यालय के हेड बॉय मोहित सोलंकी, हेड गर्ल शारिन डेविड तथा स्कूल सेक्रेटरी आरुषि राय ने अपने पद की शपथ ग्रहण करते हुए विद्यालय के अनुशासन, नेतृत्व, सेवा एवं नैतिक मूल्यों का पालन करने तथा अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।
हाउस कैप्टनों में ब्लू हाउस के कैप्टन रूपेश यादव एवं वाइस कैप्टन युक्ति जोशी, रेड हाउस के कैप्टन सोहम जायसवाल एवं वाइस कैप्टन सौम्या यादव, येलो हाउस के कैप्टन वेदिक बोरखेड़िया एवं वाइस कैप्टन प्राची यादव, तथा ग्रीन हाउस के कैप्टन अक्षय दुबे एवं वाइस कैप्टन काशिश यादव ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। इसके अतिरिक्त विद्यालय की सभी कक्षाओं के क्लास कैप्टन एवं वाइस कैप्टन ने भी अपने-अपने पद ग्रहण कर पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ अपने उत्तरदायित्वों का निर्वहन करने की शपथ ली।
समारोह की मुख्य अतिथि सिस्टर अर्चना, डायरेक्टर, सेंट मैरीज़ हॉस्पिटल, बेटमा थीं। कार्यक्रम में विद्यालय के डायरेक्टर फादर बिजू मैथ्यू एवं प्राचार्या सिस्टर लवली मोल पी. जे. विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि एवं विद्यालय प्रबंधन ने सभी नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को बैज एवं सैश पहनाकर सम्मानित किया तथा उन्हें नेतृत्व, अनुशासन, सेवा भावना, उत्तरदायित्व एवं टीमवर्क के साथ विद्यालय की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि एक सच्चा छात्र नेता वही होता है जो अपने आचरण, अनुशासन और सेवा भावना से दूसरों के लिए प्रेरणा बने। विद्यालय के डायरेक्टर एवं प्राचार्या ने सभी छात्र प्रतिनिधियों को शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे विद्यालय की परंपराओं एवं मूल्यों का पालन करते हुए अपने कर्तव्यों का उत्कृष्ट ढंग से निर्वहन करेंगे।
समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे। पूरे समारोह का वातावरण उत्साह, अनुशासन एवं गौरव से परिपूर्ण रहा।




Comments
Post a Comment