भगवान लव-कुश जन्मोत्सव पर नालछा में निकली भव्य शोभायात्रा, सर्व समाज ने किया स्वागत
नालछा नगर में कुशवाह समाज द्वारा धूमधाम से मनाया गया भगवान लव–कुश का जन्मोत्सव
नालछा। भगवान लव-कुश के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर रविवार को नालछा नगर में क्षत्रिय कुशवाह समाज द्वारा भव्य एवं विशाल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में नगर सहित मालवा क्षेत्र के अनेक गांवों से बड़ी संख्या में समाजबंधु एवं ग्रामीणजन शामिल हुए। सर्व समाज द्वारा विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का आत्मीय स्वागत किया गया।
शोभायात्रा का शुभारंभ कुशवाह चौपाटी से भगवान लव-कुश के विधिवत पूजन-अर्चन के साथ हुआ। चल समारोह में सबसे आगे बालक वर्ग परम पवित्र भगवा ध्वज लहराते हुए चल रहे थे। वहीं दो नन्हे बालक भगवान लव-कुश के रूप में सजे हुए अश्वमेध यज्ञ का पवित्र घोड़ा हाथ में लेकर चल रहे थे, जो आकर्षण का विशेष केंद्र रहे। इस दृश्य ने रामायण काल की झलक को जीवंत कर दिया और श्रद्धालुओं में आस्था एवं उत्साह का संचार किया।
शोभायात्रा नालछा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए चंद्रशेखर आजाद मार्ग, बस स्टैंड, द्वारकाधीश मंदिर, बड़ी पुलिया होते हुए सोमेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। इस दौरान ढोल-ताशे, डीजे पर बज रहे भजनों एवं धार्मिक जयघोष से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। समाज के युवा, महिलाएं, वरिष्ठजन एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मालवा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए समाजबंधु भगवा साफा पहनकर चल समारोह में शामिल हुए।
शोभायात्रा के दौरान नगर के विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग समाजों के स्वागत मंचों द्वारा पुष्पवर्षा एवं पुष्पमाला पहनाकर समाज प्रमुख का साफा बांधकर भव्य स्वागत किया गया। सर्व समाज के प्रबुद्धजनों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों की सहभागिता ने आयोजन को सामाजिक एकता, भाईचारे एवं सामाजिक समरसता का संदेश दिया। समाजबंधुओं द्वारा दिया गया “पहले हिंदू, फिर कुशवाह बंधु” का स्लोगन भी नगर में खूब सराहा गया।
*धार्मिक महत्त्व*
भगवान लव-कुश जन्मोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान लव-कुश की गाथाओं का स्मरण किया। मान्यता है कि भगवान लव-कुश का जन्म महर्षि वाल्मीकि के आश्रम में हुआ, जहां उन्होंने धर्म, नीति एवं शौर्य की शिक्षा प्राप्त की। उन्होंने अयोध्या में भगवान श्रीराम के दरबार में रामकथा का वाचन कर धर्म, साहस एवं न्याय के आदर्श स्थापित किए।
शोभायात्रा के सोमेश्वर महादेव मंदिर पहुंचने के पश्चात भगवान सोमेश्वर महादेव एवं भगवान लव-कुश की विधिवत महाआरती की गई। महाआरती के पश्चात शोभायात्रा का भव्य एवं गरिमामय समापन हुआ।
क्षत्रिय कुशवाह समाज के सचिव श्री रामेश्वर बडगूजर ने बताया कि आयोजन की सफलता में समाज के युवाओं की कड़ी मेहनत और समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं समाज अध्यक्ष श्री कालू सिंह बडगुजर ने आयोजन में शामिल सभी समाजबंधुओं, ग्रामवासियों, सर्व समाज के नागरिकों, स्वागत मंचों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन तथा सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से आयोजन को सफल बनाने में जुटे समाज के युवाओं का धन्यवाद किया।
भगवान लव-कुश जन्मोत्सव पर निकली यह भव्य शोभायात्रा धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता, समरसता एवं भाईचारे की मिसाल बना। सर्व समाज की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने आयोजन को और भी गौरवपूर्ण एवं यादगार बना दिया।सा वि समिति क्षत्रिय कुशवाह समाज मालवा क्षेत्र एवं अखिल भारतीय कुशवाह महासभा के पदाधिकारियों में प्रांतीय उपाध्यक्ष एवं सा वि समिति के महामंत्री रामभरोसे वर्मा, कोषाध्यक्ष सतीश चौहान बेटमा, उपाध्यक्ष नीलेश कुशवाह दिग्ठान, संरक्षक लीलाधर कुशवाह कमदपुर, बेटमा पंच के सेक्रेटरी नरसिंह सुलाखिया, कोटवाल एवं पूर्व उपाध्यक्ष जगदीश खिलावदिया, बेटमा नगरपंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि निलेश बर्फ, निशुल्क सा वि समिति के अध्यक्ष सचिन मण्डलोई, कमदपुर के अध्यक्ष सियानन्द सोनगरा,विजय सोनगरा,संजय कुशवाह दिग्ठान,उप कोषाध्यक्ष रामस्वरूप वर्मा, सहित मेहमानों की ओर से आयोजक सकल पंच को एतिहासिक सफल आयोजन पर साधूवाद ज्ञापित किया।सह भोज का आयोजन किया गया। नालछा के अध्यक्ष एवं सेक्रेटरी ने आभार व्यक्त किया।




Comments
Post a Comment