धार में अग्रसेन जयंती महोत्सव की महाधूम: जादूगर 'गोल्डन शिवा' ने बिखेरा जादुई सम्मोहन, बेटियों ने सीखे कलारीपयट्टू के गुर
धार में अग्रसेन जयंती महोत्सव की महाधूम: जादूगर 'गोल्डन शिवा' ने बिखेरा जादुई सम्मोहन, बेटियों ने सीखे कलारीपयट्टू के गुर
धार। अग्रवाल समाज धार के तत्वावधान में महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव 2026 पूरे गौरव और धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। इस भव्य आयोजन को लेकर संपूर्ण समाजजनों में अपूर्व उत्साह और उल्लास का माहौल है। उत्सव की खास बात यह है कि इसमें समाज की महिलाएं और बालिकाएं न केवल बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं, बल्कि अपनी सक्रिय भागीदारी से पूरे महोत्सव को नई ऊर्जा प्रदान कर रही हैं।
इसी कड़ी में सोमवार को अग्रसेन जयंती समिति एवं 'आप और हम' समिति के संयुक्त प्रयास से बच्चों और महिलाओं के लिए एक विशेष और बेहद रचनात्मक शिविर का आयोजन किया गया।
हैरतअंगेज कारनामे: बच्चों के लिए सजा जादू का संसार
शिविर की शुरुआत में बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरने और उनका मनोरंजन करने के लिए एक शानदार जादू शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रख्यात जादूगर गोल्डन शिवा ने अपने जादुई पिटारे से एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज और चमत्कारी करतब दिखाए। जादूगर गोल्डन शिवा के इन सम्मोहक कारनामों को देखकर बच्चे फटी आंखों से देखते रह गए और पूरा पंडाल बच्चों की किलकारियों और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
रणकौशल का प्रदर्शन: कलारीपयट्टू और आत्मरक्षा शिविर
मनोरंजन के साथ-साथ मंगलवार को शिविर के मुख्य सत्र में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व शारीरिक सुदृढ़ता पर विशेष ध्यान दिया गया। सुश्री आयुषी बंसल के कुशल मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण में महिलाओं और बालिकाओं के लिए कलारीपयट्टू युद्ध कला एवं आत्मरक्षा शिविर लगाया गया। प्रशिक्षण के दौरान सुश्री बंसल ने उपस्थित बालिकाओं और महिलाओं को भारत की इस प्राचीन और अत्यंत प्रभावी युद्ध कला के विशेष पैंतरे सिखाए। उन्होंने वर्तमान परिवेश में नारी सुरक्षा की महत्ता को रेखांकित करते हुए कठिन परिस्थितियों में खुद को सुरक्षित रखने और आत्मविश्वास के साथ संकट का सामना करने के कई व्यावहारिक गुर सिखाए। समाज की बेटियों ने पूरे जोश के साथ इस सत्र में भाग लेकर अपने रणकौशल का परिचय दिया।
इसके बाद श्रीअग्रवाल थिंकर्स ग्रुप जूनियर द्वारा अग्रवाल प्रीमियम लीग का आयोजन हुआ।
इस अवसर पर समाज अध्यक्ष योगेश अग्रवाल, श्री अग्रोहा थिंकर्स ग्रुप जूनियर के ऋषभ सांघी,रजत सांघी,पुनित गोयल,सहित अग्रवाल समाज मौजूद था।
मीडिया प्रभारी श्याम मंगल लेबड़ ने बताया कि बुधवार को अग्रसेन जयंती महोत्सव समिति द्वारा योग शिविर, अग्रवाल महिला मंडल,अग्रोहा क्रिएटिव ग्रुप,अग्रवाल सखी समिति द्वारा लेडीज फन फेयर रंगीला गुजराती जलसो जिसमें बेस्ट ड्रेसअप प्रतियोगिता, डांडिया सजाओ प्रतियोगिता का आयोजन होगा।



Comments
Post a Comment